CaratLane New Stores : टाटा समूह समर्थित आभूषण ब्रांड कैरेटलेन (CaratLane) ने अपने रिटेल नेटवर्क के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाने की तैयारी की है। कंपनी की योजना वित्त वर्ष 2026-27 में देशभर में लगभग 40 नए स्टोर खोलने की है। कंपनी का कहना है कि यह विस्तार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा और इसमें जल्दबाजी नहीं की जाएगी।
फिलहाल 369 स्टोर का नेटवर्क
कैरेटलेन CaratLane के प्रबंध निदेशक सौमेन भौमिक के अनुसार, वर्तमान में कंपनी के पास देशभर में 369 स्टोर संचालित हो रहे हैं।
उन्होंने बताया कि अगले वित्त वर्ष में करीब 40 नए स्टोर जुड़ने की उम्मीद है, जिससे कंपनी की रिटेल मौजूदगी और मजबूत होगी।
10 प्रतिशत स्टोर होंगे कंपनी के स्वामित्व वाले
भौमिक ने कहा कि नए खुलने वाले स्टोर्स में से लगभग 10 प्रतिशत स्टोर कंपनी के स्वामित्व वाले होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मौजूदा 369 स्टोर्स में से करीब 13 प्रतिशत स्टोर सीधे कंपनी के स्वामित्व में हैं, जबकि बाकी फ्रेंचाइजी मॉडल पर संचालित होते हैं।
विस्तार की शुरुआत दूसरी तिमाही से
CaratLane की रणनीति के तहत वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में संभावित स्थानों का आकलन किया जाएगा। इसके बाद दूसरी तिमाही से नए स्टोर्स खोलने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। भौमिक के मुताबिक कंपनी का विस्तार मुख्य रूप से उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत में होगा।
उन्होंने कहा कि पश्चिम भारत में नए स्टोर कम खोले जाएंगे, क्योंकि उस क्षेत्र में कंपनी पहले ही पर्याप्त संख्या में स्टोर स्थापित कर चुकी है। अब कंपनी का ध्यान वहां मौजूदा स्टोर्स के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने पर रहेगा।
आंतरिक संसाधनों से होगा निवेश
CaratLane के नए स्टोर्स के विस्तार के लिए आवश्यक निवेश कंपनी के आंतरिक संसाधनों से किया जाएगा। हालांकि, कंपनी ने इस विस्तार के लिए कुल पूंजीगत व्यय का खुलासा नहीं किया है।
राजस्व में तेज वृद्धि की उम्मीद
CaratLane का वित्त वर्ष 2024-25 में कुल राजस्व 3,983 करोड़ रुपये रहा। कंपनी को चालू वित्त वर्ष में अपने कारोबार में ऊंची दो अंकों की वृद्धि (हाई डबल डिजिट ग्रोथ) की उम्मीद है, जिसे नए स्टोर और बढ़ते रिटेल नेटवर्क से मजबूती मिलने की संभावना है।